काली माँ आरती — अम्बे तू है जगदम्बे काली
अम्बे तू है जगदम्बे काली जय दुर्गे खप्पर वाली।
तेरे ही गुण गाएं भारती।
ओ मैया हम सब उतारें तेरी आरती।
तेरे भक्त जनों पे माता भीर पड़ी है भारी।
दानव दल पर टूट पड़ो मां करके सिंह सवारी॥
सौ-सौ सिंहों से है बलशाली दस-दस भुजाओं वाली।
दुखियों के दुखड़े निवारती।
ओ मैया हम सब उतारें तेरी आरती।
मां बेटे का है इस जग में बड़ा ही निर्मल नाता।
पूत कपूत सुने हैं पर ना माता सुनी कुमाता॥
सब पे करुणा दरसाने वाली अमृत बरसाने वाली।
दुखियों के दुखड़े निवारती।
ओ मैया हम सब उतारें तेरी आरती।
नहीं मांगते धन और दौलत ना चांदी ना सोना।
हम तो मांगें मां तेरे मन में एक छोटा सा कोना॥
सब की बिगड़ी बनाने वाली लाज बचाने वाली।
सतियों के सत को संवारती।
ओ मैया हम सब उतारें तेरी आरती।